डीडवाना में विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही: कायम नगर में जर्जर बिजली के पोल दे रहे हादसे को न्योता
डीडवाना। शहर के कायम नगर क्षेत्र में विद्युत वितरण निगम की गंभीर लापरवाही सामने आई है। कायम नगर की गली नंबर 1 में चक्की के पास लगे दो विद्युत पोल नीचे से पूरी तरह गलकर जर्जर हो चुके हैं, जो कभी भी धराशायी होकर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।स्थानीय निवासियों का कहना है कि ये पोल नीचे से जंग लगने और क्षतिग्रस्त होने के कारण पूरी तरह खत्म हो चुके हैं और महज तारों के सहारे टिके हुए हैं। व्यस्त गली होने के कारण यहाँ से दिनभर राहगीरों, बच्चों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में आंधी या बारिश के दौरान पोल गिरने से बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।मोहल्ले वासियों ने आक्रोश जताते हुए बताया कि जर्जर पोल की समस्या को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विद्युत निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि खतरे को देखते हुए जल्द से जल्द इन जर्जर पोलों को हटाकर नए पोल लगाए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को संभावित खतरे से राहत मिल सके।
Didwana, Nagaur | Sep 28, 2026