आमस के दर्जनों घाटों पर दिया गया उदयमान सूर्य को अर्घ्य, छठ महापर्व का हुआ समापन
*आमस (गयाजी):- सोमवार की सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ का समापन हो गया।
आमस प्रखंड के बनकट, ढिबरा, बरवाडीह, ताराडीह, रामपुर, बोधिस्थान, आमस, मंझौलिया सहित दर्जनों छठ घाटों पर व्रतियों ने सुबह का अर्घ्य दिया। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
उगते सूर्य की पहली किरण के साथ ही व्रतियों ने सूप-डाला से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के मंगल की कामना की। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला और एक-दूसरे को छठ की शुभकामनाएं दीं।
चार दिनों तक चले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और सुबह के अर्घ्य की परंपरा पूरी श्रद्धा के साथ निभाई गई। घाटों पर प्रशासन और पूजा समितियों की ओर से सुरक्षा, सफाई और लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।