जमीन विवाद में कलेक्ट्रेट पहुंची मां-बेटी, आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया
ADM बोले- मामला कोर्ट में, दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश
बरेली। जमीन विवाद से परेशान एक महिला सोमवार सुबह अपनी मां के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच गई। कलेक्ट्रेट गेट पर महिला ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों और होमगार्ड ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और उसे आत्मदाह करने से बचा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
बताया गया कि थाना कैंट बबिया। कटिया निवासी कमलेश पत्नी नरेश पाल सिंह का दूसरे पक्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद गाटा संख्या 139 और 145 से संबंधित बताया जा रहा है। महिला का आरोप है कि दूसरे पक्ष की ओर से बीच की रास्ते की जमीन पर निर्माण कराया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। मामले की सूचना 112 नंबर पर भी दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी।
इसके बाद कमलेश अपनी मां के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच गई। महिला अपने साथ ज्वलनशील पदार्थ लेकर आई थी। कलेक्ट्रेट गेट पर उसने आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया। महिला पुलिस और होमगार्ड ने उसे पकड़कर ज्वलनशील पदार्थ अपने कब्जे में ले लिया। सूचना मिलने पर सीओ, एसडीएम और तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और महिला से जानकारी ली।
मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन
एडीएम ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद है और मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों को निर्देशित किया गया है कि न्यायालय का आदेश आने तक मौके पर किसी प्रकार का निर्माण न किया जाए और यथास्थिति बनाए रखी जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या विवादित जमीन पर जबरन निर्माण करने की अनुमति किसी पक्ष को नहीं दी जाएगी।
अधिकारियों ने महिला को समझाकर शांत कराया और आत्मघाती कदम नहीं उठाने की अपील की। प्रशासन ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए कानून हाथ में लेने की जरूरत नहीं है। शिकायत लेकर संबंधित कार्यालय में आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए लोगों से अपील की कि जमीन अथवा किसी अन्य विवाद में आत्मदाह जैसे कदम न उठाएं। विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से ही कराया जा सकता है। प्रशासन लोगों की शिकायतों को सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
बाइट : जिलाधिकारी, बरेली
Bareilly news Live
#Viralpost