भीषण बारिश और पानी के बीच विद्युत कर्मी ने जोखिम में डाली जान, बिजली सप्लाई बहाल करने का वीडियो वायरल
हरदोई क्षेत्र में हो रही भीषण बारिश के बीच बिजली विभाग के कर्मचारियों के समर्पण और साहस की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बिजली कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर बाधित हुई विद्युत आपूर्ति को बहाल करने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते एक जगह विद्युत लाइन पर भारी पेड़ गिर गया था, जिससे कई इलाकों की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
जलभराव की स्थिति ऐसी थी कि चारों तरफ पानी भरा हुआ था, लेकिन इसके बावजूद विद्युत कर्मी बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए पानी के बीच उतरा और बिजली लाइन की मरम्मत कर सप्लाई चालू कराने में जुट गया।
इस साहसिक कार्य का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग बिजली कर्मी के इस जज्बे की काफी तारीफ कर रहे हैं और उन्हें 'रियल हीरो' बता रहे हैं।
Hardoi, Hardoi | Sep 27, 2026