अवैध संबंधों के शक में युवक की सरेआम बेइज्जती, युवक का आधा सिर-मूंछ मुंडवाई, जूतों की माला पहनाकर वीडियो वायरल
अरवल थाना क्षेत्र के खुर्रमपुरवा मजरा कटरी छोछपुर गांव में तालिबानी फरमान और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दंपति ने अवैध संबंधों के शक में एक युवक को झांसे से घर बुलाकर उसकी जमकर फजीहत की। पीड़ित का आधा सिर और मूंछ मुंडवा दी गई, गले में जूतों की माला पहनाई गई और फिर इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मुन्नू पुत्र अहिबरन सिंह को अपनी पत्नी वंदना (काल्पनिक नाम) के कथित संबंधों का शक था। चर्चा है कि पीड़ित युवक नरेंद्र सिंह पुत्र दिनेश सिंह निवासी ग्राम कुसुम्हरा थाना मैनपुरी जनपद मैनपुरी पिछले करीब तीन वर्षों से महिला के संपर्क में था और उसके खर्च उठा रहा था। सच्चाई सामने आने पर मुन्नू ने अपनी पत्नी के माध्यम से योजना बनाकर युवक को अपने घर बुलवाया। घर पहुंचते ही दंपति ने युवक को बंधक बना लिया। इसके बाद महिला ने खुद युवक का आधा सिर मुंडवाया और उसके गले में जूतों की माला पहना दी। वहीं मुन्नू ने उसकी आधी मूंछ साफ कर दी। इस पूरी घटना का आरोपी दंपति ने वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। वायरल हो रहे वीडियो में पीड़ित युवक बदहवास होकर रोता-बिलखता और रहम की भीख मांगता दिख रहा है, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी।
फिलहाल पीड़ित युवक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही उसकी ओर से कोई शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में जब थानाध्यक्ष अरवल अमित कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो का मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Hardoi, Hardoi | Sep 27, 2026