सवायजपुर में भारी बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण
हरदोई। चक्रवाती मौसम और लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए सवायजपुर तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। उपजिलाधिकारी सवायजपुर ने ग्राम गौरिया समेत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, नदी के तटबंध किनारे बसे गांवों और जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलभराव की स्थिति, नदी के जलस्तर तथा संवेदनशील स्थानों की स्थिति की जानकारी ली। उपजिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान थाना सवायजपुर के एसएचओ प्रिंस भी मौजूद रहे। प्रशासन की टीम ने जर्जर मकानों और जलभराव वाले स्थानों पर रहने वाले ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की। ऐसे स्थानों पर रहने वाले ग्रामीणों को आवश्यकता पड़ने पर सरकारी आश्रय स्थल में सुरक्षित रहने के लिए कहा गया।
उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
Hardoi, Hardoi | Sep 27, 2026