*बैरवा को अनुसूचित जाति-जनजाति महासभा का भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष मनोनीत*
भीलवाड़ा (रमेश चंद्र डाड) अनुसूचित जाति, जनजाति महासभा द्वारा सामाजिक संगठन को मजबूत करने एवं समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के उद्देश्य से दुर्गा लाल बैरवा निवासी राजपुरा को भीलवाड़ा जिला अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है।
महासभा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी नियुक्ति-पत्र के अनुसार दुर्गा लाल बैरवा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।नियुक्ति पर दुर्गा लाल बैरवा ने महासभा के शीर्ष नेतृत्व प्रदेश संयोजक लक्ष्मीनारायण परमार, प्रदेश संगठन महासचिव जानकीलाल रेगर एवं चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष रामेश्वर बैरवा सहित समस्त पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
दुर्गा लाल बैरवा ने कहा कि वे महासभा के शीर्ष नेतृत्व को विश्वास दिलाते हैं कि महासभा के विधि-विधान एवं मिशन को सम्पूर्ण भीलवाड़ा जिले में गांव-ढाणियों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही, समाज के अधिकारों, शिक्षा,सामाजिक जागरूकता एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाते हुए सौंपी गई जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि महासभा के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के लोगों को एकजुट कर सामाजिक चेतना को मजबूत करने तथा जरूरतमंद वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
दुर्गा लाल बैरवा ने कहा कि यह पद मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं संगठन के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा !