बाल विवाह उन्मूलन अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित
सामूहिक शपथ, जागरूकता गतिविधियों एवं जनभागीदारी के माध्यम से बाल विवाह मुक्त भारत का संदेश
बाल विवाह न करेंगे, न होने देंगे और न ही इसमें सहभागी बनेंगे, ग्राम सभाओं में लिया संकल्प
------
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और बालिकाओं के सुरक्षित, शिक्षित एवं सशक्त भविष्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में बाल विवाह उन्मूलन अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर शुक्रवार को छतरपुर जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित इन ग्राम सभाओं में सामूहिक शपथ, जागरूकता गतिविधियों तथा जनसंवाद के माध्यम से बाल विवाह रोकने का संदेश दिया गया।
संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 27 नवंबर को बाल विवाह, कम उम्र में विवाह एवं बलपूर्वक विवाह के उन्मूलन का अंतर्राष्ट्रीय दिवस घोषित किया गया है। भारत के लिए यह दिवस विशेष महत्व रखता है, क्योंकि 27 नवंबर 2024 को इसी दिन बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया गया था। जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया के मार्गदर्शन में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास के समन्वय से जिले की सभी 558 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। ग्राम सभाओं में बाल विवाह के दुष्परिणामों, विवाह की निर्धारित न्यूनतम आयु, बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों पर विस्तार से चर्चा कर समाज को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक किया गया।
ग्राम सभाओं में सामूहिक शपथ, दीवार लेखन एवं जागरूकता गतिविधियां
आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे और न ही किसी भी प्रकार से इसमें सहभागी बनेंगे। गांवों में दीवारों पर जागरूकता संदेशों का लेखन कर बाल विवाह के विरुद्ध सामाजिक चेतना विकसित करने का प्रयास किया गया। इन गतिविधियों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों, युवा समूहों तथा विभिन्न मैदानी अमलों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक चल रहा 100 दिवसीय जागरूकता अभियान
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक 100 दिवसीय जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। विवाह के मौसम को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में बाल विवाह की रोकथाम, सतत निगरानी, जनजागरूकता तथा सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
बाल विवाह की सूचना तत्काल दें, प्रशासन ने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बाल विवाह की आशंका अथवा सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी अथवा महिला एवं बाल विकास विभाग को सूचित करें। सूचना प्राप्त होने पर नियमानुसार त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नागरिक भारत सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल www.stopchildmarriage.wcd.gov.in पर ऑनलाइन शपथ लेकर बाल विवाह उन्मूलन के अभियान में सहभागी बन सकते हैं। बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर देना ही बाल विवाह मुक्त समाज की दिशा में सार्थक कदम है।
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#chhatarpur