कलेक्टर के निर्देशन में खजुराहो मेला ग्राउंड में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन
आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों एवं राहत-बचाव कार्यों का किया गया अभ्यास
--------
कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के अंतर्गत आज खजुराहो स्थित मेला ग्राउंड में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में ब्लैक आउट लागू करने, सुरक्षा उपायों का पालन करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का अभ्यास किया गया।
कार्यक्रम में एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीआरएफ हर्ष कुमार जैन, थाना प्रभारी खजुराहो एन.के. सोलंकी, तहसीलदार खजुराहो एवं एसडीआरएफ प्रभारी विनीत कुमार तिवारी उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल में आपात स्थिति के दौरान प्रकाश व्यवस्था बंद रखने, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने, नागरिकों को सतर्क करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित रूप से संचालित करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।
इस दौरान होमगार्ड एवं SDRF के जवान अखिलेश अहिरवार, राकेश बार, अरुण राजपूत, परमलाल, पुरुषोत्तम तिवारी, भारत वसुनिया एवं प्रकाश सोलंकी सहित आपदा मित्र शिवम मिश्रा, अन्य आपदा मित्रों एवं सिविल डिफेंस वालंटियर्स ने सक्रिय सहभागिता की।
नगर परिषद खजुराहो की टीम, फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस सेवा ने भी मॉक ड्रिल में भाग लेते हुए। आपातकालीन परिस्थितियों में समन्वित राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक कर आपदा से निपटने के लिए तैयार करना रहा।