Bokaro में बारिश ने खोला कुदरत का खजाना, सेवाती घाटी का झरना बना आकर्षण का केंद्र
#SevatiValley, #bokaro, #Kasmar, #Jharkhand, #JharkhandTourism, #BokaroTourism, #Waterfall, #Monsoon, #MonsoonTourism, #Tourism in Jharkhand
बोकारो : पिछले तीन-चार दिनों से हो रही लगातार बारिश ने झारखंड-बंगाल सीमा पर स्थित कसमार प्रखंड की सेवाती घाटी की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। बारिश के बाद घाटी का झरना पूरे वेग से बहने लगा है। पहाड़ी चट्टानों के बीच से गिरता सफेद पानी और चारों ओर फैली हरियाली राहगीरों व पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित सेवाती घाटी इन दिनों मानसून के दौरान सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है।
बारिश ने बढ़ाई घाटी की खूबसूरती
हर साल मानसून के दौरान सेवाती घाटी का झरना लोगों को आकर्षित करता है, लेकिन इस बार लगातार हुई बारिश से जलप्रवाह काफी तेज हो गया है। घाटी का प्राकृतिक नजारा भी पहले से अधिक मनमोहक हो गया है।
बोकारो टाउनशिप से सेवाती घाटी पहुंचे अनिक कुमार ने कहा, "हर साल बारिश के मौसम में यहां का झरना आकर्षण का केंद्र बनता है, लेकिन इस बार लगातार बारिश के कारण पानी का बहाव और आसपास का प्राकृतिक दृश्य बेहद शानदार हो गया है।"
चट्टानों के बीच बहता झरना बना आकर्षण
पहाड़ी ढलानों और चट्टानों के बीच से तेज रफ्तार से नीचे गिरता झरना लोगों का ध्यान खींच रहा है। घने हरे पेड़-पौधों के बीच बहता सफेद पानी घाटी की सुंदरता को और बढ़ा रहा है। सेवाती घाटी से गुजरने वाले कई वाहन चालक झरने का नजारा देखते ही कुछ देर के लिए रुक जा रहे हैं। लोग मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बनाने के साथ सेल्फी भी ले रहे हैं।
आसपास के इलाकों से पहुंच रहे पर्यटक
मानसून के साथ सेवाती घाटी में आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ी है। बारिश के बाद पहाड़ियों पर छाई हरियाली, चट्टानी रास्तों से बहता पानी और बादलों से ढकी पहाड़ियां यहां का दृश्य बेहद आकर्षक बना देती हैं। खासकर बारिश के बाद झरने का तेज बहाव पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण बना हुआ है।
पर्यटन सुविधाओं के विकास की मांग
स्थानीय मुखिया सरिता देवी ने सेवाती घाटी में बुनियादी पर्यटन सुविधाओं के विकास की मांग की है। उन्होंने कहा, "सेवाती घाटी क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर है। यदि यहां जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएं तो झारखंड के साथ-साथ पड़ोसी पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच सकते हैं।"
सुविधाएं विकसित होने से रोजगार की भी उम्मीद
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सेवाती घाटी झारखंड सरकार की पर्यटन सूची में शामिल है, लेकिन अब तक यहां अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाया है। ग्रामीण सुधीर घासी ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की जगह, सूचना संबंधी साइन बोर्ड, साफ-सफाई और अन्य पर्यटक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यदि सेवाती घाटी को व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाता है तो इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मानसून के दौरान बढ़ती पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।
Chas, Bokaro | Aug 21, 2026