➡️ धनतेरस पर केंद्रीय जेल सागर में विधायक शैलेन्द्र जैन ने महिला बंदिनियों एवं बच्चों के साथ बांटी दीपावली की खुशियां
सागर 06 नवम्बर 2026
धनतेरस के पावन पर्व पर सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन अपनी धर्मपत्री श्रीमती अनुश्री जैन के साथ केंद्रीय जेल सागर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने महिला बंदिनियों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें मिठाई, फल एवं मुरमुरे वितरित धनतेरस एवं दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी। वहीं महिला बंदिनियों के साथ रह रहे बच्चों के चेहरों पर त्योहार की खुशियां बिखेरने के उद्देश्य से उन्हें पटाखे एवं फुलझड़ियां भेंट कीं।
इस अवसर पर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि दीपावली और धनतेरस का पर्व खुशियां बांटने, प्रेम, सद्भाव और मानवीय संवेदनाओं का पर्व है। त्योहारों की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। जेल में निरुद्ध महिलाएं भी हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके साथ रह रहे मासूम बच्चों को भी त्योहार की खुशियों से वंचित नहीं रहना चाहिए। इन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और महिला बंदिनियों के बीच अपनत्व एवं सकारात्मकता का भाव विकसित करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम जरूरतमंद और वंचित वर्ग के लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा करें। समाज में मानवीय संवेदनाओं, आपसी सहयोग और सद्भावना को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर होते रहने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महिला बंदिनियों एवं बच्चों ने आत्मीयता के साथ इस पहल में सहभागिता की। विधायक श्री जैन ने जेल प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
इस अवसर पर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन की धर्मपत्नी श्रीमती अनुश्री जैन, श्री शैलेष केशवानी, जेल अधीक्षक श्री आर.सी. आर्य, उपजेल अधीक्षक श्री मनोज मिश्रा, सहायक जेल अधीक्षक श्री पंकज कुशवाहा एवं श्री सौरभ चौहान सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहे
#jansamparkMP #sagar