माननीय अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री अजय यादव जी का मुजफ्फरपुर भ्रमण एवं निरीक्षण
मुजफ्फरपुर, 13 सितंबर 2026: माननीय अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, BSPHCL, श्री अजय यादव जी द्वारा मुजफ्फरपुर में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, ट्रिपिंग एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा हेतु रात्रि विश्राम किया गया तथा रात्रि में ही विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई।
प्रातः माननीय सीएमडी महोदय द्वारा खबरा पावर सब-स्टेशन एवं भिखनपुरा ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता, ट्रिपिंग, तकनीकी समस्याओं एवं विद्युत हानियों को कम करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। खबरा परिसर की लगभग 19.96 एकड़ भूमि के समुचित उपयोग एवं विकास पर भी चर्चा की गई।
इसके पश्चात प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत ULA के तहत बोचहां के माधोपुर पंचायत में स्थापित रूफटॉप सोलर प्लांट तथा रामदयालु नगर स्थित सिद्धार्थ कॉलोनी में एक साथ स्थापित दो दर्जन से अधिक सोलर प्लांटों का निरीक्षण किया गया। माननीय सीएमडी महोदय ने इस मॉडल के आधार पर अन्य क्षेत्रों में “सोलर कॉलोनी” विकसित करने पर बल दिया।
माननीय सीएमडी महोदय द्वारा सिटी लैब का भी निरीक्षण किया गया तथा जिलाधिकारी महोदय के साथ वृक्षारोपण किया गया।
दौरे के अंत में समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी महोदय की उपस्थिति में JE, AEE, EEE एवं सोलर वेंडरों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में O&M, राजस्व, ट्रिपिंग, विद्युत हानि तथा PM सूर्य घर योजना की सेक्शनवार, सब-डिवीजनवार एवं डिवीजनवार समीक्षा की गई। माननीय सीएमडी महोदय ने विद्युत आपूर्ति को और अधिक विश्वसनीय बनाने, ट्रिपिंग एवं हानियों को कम करने तथा सोलर योजना के लक्ष्यों को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए।