शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय आयुष्मान-भारत स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रशिक्षण संपन्न
बड़वानी 27 जून 2026/बड़वानी जिले में किशोर बच्चों के स्वास्थ्य जागरूकता और उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से संचालित 'उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस' कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयुष्मान भारत कार्यक्रम के तहत स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यूएनएफपीए (UNFPA) और इसकी तकनीकी सहयोगी एजेंसी बीजीएमएस (BGMS) के संयुक्त तत्वावधान में इस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को 'स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस एंबेसडर' के रूप में तैयार करना है, ताकि विद्यालयों में किशोर विद्यार्थियों को उनके स्वास्थ्य, जीवन कौशल, तथा मानसिक, शारीरिक व सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक कर सकें।
इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन युग शक्ति शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास संस्था, बड़वानी द्वारा किया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर श्री तिखाराम सोलंकी, श्री अनिल पवार, श्री कमल मंडोरा एवं श्री ओंकारलाल आर्य ने जिले भर से आए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीएमएचओ कार्यालय से श्री राधेश्याम जमरे का उल्लेखनीय सहयोग रहा, वहीं अधिकारी डॉ. ज्योति एन शिपणकर एवं भानु प्रताप द्वारा प्रशिक्षण का निरीक्षण कर प्रशिक्षार्थियों से उनकी भूमिका पर चर्चा की गई और फीडबैक लिया गया। प्रशिक्षण के गरिमामय समापन सत्र में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जेएस परमार एवं डॉ. श्री जयपाल सिंह ठाकुर द्वारा सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।