मामला सिमरिया थाना क्षेत्र की मोहन्द्रा चौकी के खिरकाटोला मोहल्ले का है। 15 सितंबर को 50 वर्षीय महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि दो युवक मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचे और खाने के बहाने बातचीत करने लगे। महिला ने बताया कि पिछले साल उसके घर से चांदी के जेवर चोरी हो गए थे। इस पर आरोपियों ने जादू-टोना कर पुराने जेवर वापस दिलाने का झांसा दिया और महिला से हाथों में पहनी दो चांदी की चूड़ियां ले लीं।
आरोपियों ने चूड़ियों को कपड़े में लपेटकर गड्ढे में दबाने का नाटक किया और कहा कि अगले दिन माता रानी की पूजा के बाद चूड़ियां और पुराने जेवर मिल जाएंगे। आरोपियों के जाने के बाद महिला ने गड्ढा खोदा तो वहां कुछ नहीं मिला, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोहन्द्रा कस्बे से दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
संजू गोसाई (31 वर्ष), नया पटेल नगर, थाना कोंच, जिला जालौन (उ.प्र.)
गोकुल गोसाई (20 वर्ष), नया पटेल नगर, थाना कोंच, जिला जालौन (उ.प्र.)
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 हजार रुपये की चांदी की दो चूड़ियां और 80 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल 95 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
Panna, Panna | Sep 18, 2026