जाति से बड़ा कर्म, राजनीति से बड़ा धर्म और स्वार्थ से बड़ा सनातन का स्वाभिमान : शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे
धर्मगुरुओं के सम्मान और सनातन धर्म के समर्थन में विवेक पाण्डेय का तीखा बयान, बोले— जन्म से नहीं, कर्मों से होती है मनुष्य की पहचान; धर्मगुरुओं के अपमान पर मौन रहने वाले जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए आत्ममंथन।
तलाश न्यूज सीधी
सनातन धर्म, धर्मगुरुओं के सम्मान और जातिगत पहचान से ऊपर उठकर कर्म की महत्ता को लेकर विवेक पाण्डेय ने अपनी बेबाक बात रखी है। उन्होंने कहा कि मनुष्य की असली पहचान उसकी जाति, उपनाम या राजनीतिक पद से नहीं, बल्कि उसके कर्म, संस्कार और विचारों से होती है। भगवद्गीता के अध्याय 4 के श्लोक 13 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कर्म के महत्व को रेखांकित किया।
विवेक पाण्डेय ने कहा कि जाति से बड़ा कर्म, राजनीति से बड़ा धर्म और स्वार्थ से बड़ा सनातन का स्वाभिमान है। धर्मगुरुओं के सम्मान के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उनका कहना है कि अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है और अन्याय होते देखकर चुप रहना भी आत्ममंथन का विषय है।
राजा भैया के धर्म के प्रति समर्पण का किया उल्लेख
अपने वक्तव्य में विवेक पाण्डेय ने कुंडा के राजा रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) का उल्लेख करते हुए कहा कि जब सनातन धर्म और धर्मगुरुओं के सम्मान की बात आई तो उन्होंने स्वयं सारथी बनकर लगभग 70 किलोमीटर तक वाहन चलाया। पाण्डेय ने इसे धर्म के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि धर्म और धर्मगुरुओं के सम्मान के लिए आगे आने वाले लोगों का समर्थन किया जाना चाहिए। सनातन के सम्मान की बात केवल मंचों और भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जरूरत पड़ने पर व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए।
वोट बैंक की राजनीति पर जनप्रतिनिधियों को घेरा
विवेक पाण्डेय ने कुछ स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिंदू समाज में जन्म लेकर राजनीति करने वाले कुछ लोग सनातन धर्म और धर्मगुरुओं के अपमान के मामलों में वोट बैंक की राजनीति के डर से मौन धारण कर लेते हैं।
उन्होंने ऐसे जनप्रतिनिधियों से आत्ममंथन करने की अपील करते हुए कहा कि जब धर्म और गुरुजनों के सम्मान का प्रश्न सामने हो, तब राजनीतिक लाभ-हानि से ऊपर उठकर अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी जाति विशेष का अपमान करना नहीं है, बल्कि दोहरे चरित्र और अवसरवादी राजनीति पर सवाल उठाना है।
ब्राह्मण और क्षत्रिय की पहचान कर्म एवं संस्कार से
अपने विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि क्षत्रिय होना केवल जन्म या उपनाम की पहचान नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का साहस है। इसी तरह ब्राह्मण होना केवल जातिगत पहचान नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और विचारों की परंपरा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी जाति के जिम्मेदार व्यक्ति, जनप्रतिनिधि या नेता को धर्म, समाज और धर्मगुरुओं के सम्मान के विषय में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। समाज में व्यक्ति का वास्तविक सम्मान उसके अच्छे कर्मों और आचरण से बनता है।
किसी पद की लालसा नहीं, प्रभु के चरणों में आस्था
विवेक पाण्डेय ने अपने वक्तव्य में कहा कि उन्हें न किसी से मिलने की लालसा है और न ही किसी पद की अपेक्षा। उनके लिए जगत के पितामाता प्रभु श्री सीताराम, गुरु मालिक वीर हनुमान जी स्वामी, बाबा महाकाल और माता पार्वती के चरणों में शीश झुकाना ही सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि प्रभु की कृपा ही उनके लिए संसार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक पद या व्यक्तिगत लाभ को प्राप्त करना नहीं, बल्कि सनातन धर्म और धर्मगुरुओं के सम्मान के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करना है।
सनातन के सम्मान की लड़ाई में साथ खड़े रहने का संकल्प
विवेक पाण्डेय ने कहा कि हम मिलें या न मिलें, लेकिन जो भी व्यक्ति सनातन धर्म और धर्मगुरुओं के सम्मान के लिए संघर्ष कर रहा है, उसके साथ हमेशा खड़े रहेंगे। किसी राजनीतिक नेता को उनकी बातें कड़वी लगती हैं तो उसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं, लेकिन सत्य, धर्म और स्वाभिमान के मुद्दे पर चुप रहना उनके लिए संभव नहीं है।
उन्होंने अपने संदेश के अंत में दोहराया कि मनुष्य के साथ अंततः उसके कर्म ही जाते हैं। इसलिए जातिगत अहंकार, राजनीतिक स्वार्थ और व्यक्तिगत लाभ से ऊपर उठकर धर्म, संस्कार और मानवीय मूल्यों को महत्व देना चाहिए।
विवेक पाण्डेय का संदेश — जाति से बड़ा कर्म, राजनीति से बड़ा धर्म और स्वार्थ से बड़ा सनातन का स्वाभिमान।
🚩 जय सियाराम। जय गुरु मालिक वीर हनुमान जी स्वामी। हर-हर महादेव। 🚩