पुलिस अधीक्षक ने पहाड़गढ़ थाने का किया औचक निरीक्षण, अवैध रेत उत्खनन और अपराधों पर सख्ती के निर्देश
मुरैना। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज (भा.पु.से.) ने गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को कैलारस अनुविभाग के अंतर्गत थाना पहाड़गढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, पुलिस बल की उपलब्धता, अभिलेखों और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी कैलारस उमेश मिश्रा भी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने थाने में संधारित रोजनामचा, अपराध संबंधी अभिलेखों, उपलब्ध पुलिस बल और क्षेत्र में घटित अपराधों की जानकारी ली। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस रूम, जयराम रजिस्टर, ग्राम अपराध पुस्तिका एवं अन्य अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हवालात की सुरक्षा, मालखाने में रखी संपत्ति के उचित रखरखाव और पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का समय पर पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अवैध रेत उत्खनन और मादक पदार्थों पर कार्रवाई के निर्देश
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन, मादक पदार्थों तथा अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग, निगरानी और रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
लंबित मामलों के निराकरण पर विशेष जोर
वर्ष 2026 के अंतिम दो माह शेष रहने के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी एवं उपस्थित विवेचकों के साथ लंबित अपराधों की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्रवाई करने, ई-साक्ष्य (E-Sakshya) ऐप पर आवश्यक प्रकरणों की आईडी क्रिएशन एवं डिजिटल साक्ष्यों को नियमानुसार अपलोड करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने लंबित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने, अनावश्यक विलंब से बचने तथा पुलिस बल को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनोन्मुखी पुलिसिंग के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
Morena, Morena | Oct 29, 2026