*बिजली सम्बंधी समस्याओं के लिए किया जा रहा है स्थाई समाधान का प्रयास- ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर*
*लाडनूं में बिजलेश्वर महादेव मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में लिया ऊर्जा मंत्री ने भाग*
डीडवाना-कुचामन, 3 अगस्त।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा है कि राज्य सरकार बिजली सम्बंधी सभी तरह की समस्याओं के स्थाई समाधान के प्रयास कर रही है। पहले गांवों में शाम होते ही बिजली गुल हो जाती थी, हमने उसमें सुधार किया है और इसे पूरी तरह सुधारने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के सामने आंधी, बरसात, वोल्टेज की खपत बढने आदि विभिन्न तरह की समस्याएं आती हैं, जिनसे विद्युतकर्मी दिन-रात जूझते हैं।हमारा प्रयास रहेगा कि इन समस्याओं में पर्याप्त कमी आए। वे यहां लाडनूं शहर के प्राचीन पावर हाउस में पुनर्निर्मित श्री बिजलेश्वर महादेव मंदिर में मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जैन विश्व भारती में विराजित आचार्य श्री महाश्रमण को याद किया तथा कहा कि उनके प्रवास-काल के दौरान लोगों की आवाजाही बढने और अच्छी रौनक बनी होने के बारे में बताया और जैन विश्व भारती को लाडनूं की पहचान के रूप में चिह्नित किया।
*निगम पहले उपभोक्ताओं को बिजली बेचता था और अब खरीदता है*
समारोह के विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता ठाकुर करणी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदृष्टि और नवाचारों के चलते बिजली विभाग में बहुत परिवर्तन आया है। अब तक विद्युत वितरण निगम बिजली उपभोक्ताओं को बेचा करता था और अब निगम उपभोक्ताओं से बिजली खरीद रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली की गुणवत्ता में बहुत सुधार हुआ है। ट्रांसफार्मर नये लगाए गए हैं और जो पहले से लगे हैं, वहां अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं।
*ऊर्जा मंत्री ने किया शिव का जलाभिषेक*
श्री बिजलेश्वर मंदिर में मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा पहले ही सावन सोमवार के अवसर पर विधि-विधान पूर्वक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए पूजा-अर्चना के साथ की गई। नागर ने इस दौरान मंदिर में भगवान शंकर का जलाअभिषेक किया व वहां परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर डॉ. देवेन्द्र जैन व डॉ. अनिता जैन तथा मंदिर के नवनिर्माण के अन्य सहयोगियों का सम्मान भी ऊर्जा मंत्री नागर द्वारा किया गया। इससे पूर्व जैन विश्व भारती में उन्होंने आचार्य श्री महाश्रमण के दर्शन किए, वहां जैन विश्व भारती के अध्यक्ष अमरचंद लूंकड़, प्रवास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष प्रमोद बैद आदि ने ऊर्जा मंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और विशिष्ट अतिथि करणीसिंह के अलावा उपखंड अधिकारी ममता लहुआ, तहसीलदार कुटेंद्र राठौड़, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी,थानाधिकारी शंभुदयाल मीणा तथा विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ आर मीणा, अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता गोपाल वर्मा, राजकुमार तुनगरिया आदि अधिकारी व कार्मिक सहित विभिन्न जन-प्रतिनिधि गण, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकगण आदि उपस्थित रहे।