कैंडल मार्च के साथ गूंजा जनाक्रोश: मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे कोलिया के ग्रामीणों ने निकाला 'सद्बुद्धि कैंडल मार्च'
4 सूत्रीय मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे ग्रामीण, प्रशासन के खिलाफ जताया कड़ा विरोध
डीडवाना। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोलिया में वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत रविवार शाम 7:00 बजे 'जनआक्रोश एवं सद्बुद्धि कैंडल मार्च' निकाला। हाथों में जलती मोमबत्तियां और मांगों की तख्तियां लिए सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतरे और सोए हुए प्रशासन को जगाने के लिए सद्बुद्धि की प्रार्थना की।कार्यक्रम संयोजक जगमाल धेतरवाल के नेतृत्व में आयोजित यह कैंडल मार्च पूरी तरह से शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा। मार्च गांव के प्रमुख मार्गों से होता हुआ मुख्य चौराहे पर संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने एक सुर में कहा कि बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो उन्हें विवश होकर सड़कों पर उतरना पड़ा।आजादी के दशकों बाद भी पानी को तरस रही सियाकों की ढाणी, जेवालियों की ढाणी, नेहरों की ढाणी, काला केर बटेसरों की ढाणी तथा खरा एवं धेतरवालों की ढाणी को तुरंत इंदिरा गांधी नहर परियोजना से जोड़कर सुचारू पेयजल आपूर्ति शुरू की जाए।कोलिया ग्राम पंचायत की बिजली सुविधा से वंचित सभी ढाणियों में शीघ्र विद्युत लाइन बिछाकर और नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर घरेलू कनेक्शन दिए जाएं।कोलिया के PHC में पिछले 5 महीनों से डॉक्टर का पद खाली पड़ा है। यहां तुरंत स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति की जाए ताकि ग्रामीणों और मरीजों को भटकना न पड़े।नागौर मार्ग पर स्थित कोलिया बस स्टैंड पर राजस्थान रोडवेज की सभी बसों का नियमित ठहराव सुनिश्चित किया जाए, जिससे छात्रों, बुजुर्गों, किसानों और मरीजों को आवागमन में राहत मिल सके।इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, किसान और बुजुर्ग उपस्थित रहे।