जमुई: 14 दिनों से उमेश को ढूंढ रहे परिजन, पीड़ित परिवार ने अनहोनी घटना की जताई आशंका,
जमुई: टाउन थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव से 27 जुलाई की शाम से गायब कुंदरी गांव निवासी बलदेव यादव के 40 वर्षीय पुत्र उमेश यादव को पुलिस अबतक ढूंढने में नाकाम साबित हो रही है। 14 दिन बीतने के बाद 15 वें दिन सोमवार की सुबह 8:00 बजे तक भी उमेश यादव का कुछ पता नहीं चल सका है और पीड़िता वृद्ध मां,पत्नी, बहन व अन्य स्वजन थाना का चक्कर काटने पर मज़बूर हो रहे हैं। उमेश यादव की तालाश को लेकर रविवार की देर शाम तक स्वजन थाना में बैठे रहे, लेकिन उम्मीद की आस टूट गई और उमेश यादव का कुछ सुराग नहीं मिल सका, नतीजतन मायूस होकर स्वजन वापस घर लौट गए। उमेश यादव के अचानक गायब होने से उनके स्वजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं और डरे सहमे हैं।
स्वजन ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़ा करते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है।
स्वजन के अनुसार, हमेशा की तरह उमेश यादव 27 जुलाई की शाम मवेशी का दूध दुहने के लिए प्यारेपुर गांव गए थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। उमेश यादव को श्रवण रविदास के घर पर अंतिम बार देखा गया था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर स्वजन ने उनकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में तलाश करने के बाद भी जब उमेश का कोई पता नहीं चला तो 29 जुलाई को टाउन थाना में आवेदन दिया गया था। मामले में पुलिस ने 30 जुलाई को आरोपित श्रवण रविदास की बहु सोनाक्षी देवी को पकड़कर थाना भी लाया था, लेकिन पूछताछ के बाद थाना से उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद सोनाक्षी देवी परिवार के सभी सदस्यों के साथ फरार हो गई। स्वजन ने फुलमंती देवी, उनके पति श्रवण रविदास, सोनाक्षी देवी और अरविंद रविदास पर उमेश यादव को गायब करने का आरोप लगाया है। आगे उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया है कि पहली बार आवेदन देने के बाद एफआईआर दर्ज होने से पहले फिर दूसरी बार नामजद आवेदन दिया गया था, लेकिन थाना में आवेदन नहीं लिया गया और पुलिस पदाधिकारी द्वारा कहा गया था कि पहले आवेदन में ही सभी आरोपितों का नाम जोड़ दिया जाएगा। इसके बावजूद एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आवेदन में आरोपितों का नाम नहीं जोड़ा गया है।
इधर, उमेश के लापता होने के 15 वें दिन भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से स्वजन की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार के लोगों का आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है और उमेश की तलाश में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्वजन का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाई होती तो शायद उमेश के बारे में कोई जानकारी मिल सकती थी। स्वजन ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कराने, आरोपितों पर कार्रवाई करने और उमेश यादव को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग की है।
------
कोट
पुलिस उमेश यादव की तालाश में जुटी हुई है। घटना के हर बिंदुओं पर वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान की जा रही है। आरोपित महिला व अन्य परिवार के सदस्य फरार हैं। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी कर उमेश का पता लगा लिया जाएगा।
अमरेंद्र कुमार,टाउन थानाध्यक्ष, जमुई #jamuitopnews #jamui #Crime #CrimeNews #jamuiPolice
Jamui, Jamui | Aug 10, 2026