जमुई: सदर अस्पताल में संचालित 'दीदी की रसोई' की 5वीं वर्षगांठ आयोजित, उत्कृष्ट सेवा देने वाली जीविका दीदियाँ को किया गया सम्मानित
जीविका के तत्वावधान में सदर अस्पताल परिसर में संचालित स्वाभिमान जीविका 'दीदी की रसोई' के सफल संचालन के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज 10 अगस्त को 5वीं वर्षगांठ हर्षोल्लासपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परियोजना प्रबंधक जीविका श्री संजय कुमार एवं स्वाभिमान संकुल संघ की अध्यक्ष श्रीमती बबीता पांडे ने रसोई में कार्यरत दीदियों के साथ संयुक्त रूप से केक काटकर किया। इस अवसर पर अस्पताल में मरीजों को निरंतर पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने वाली जीविका दीदियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस रसोई का शुभारंभ 10 अगस्त 2021 को तत्कालीन जिला पदाधिकारी द्वारा किया गया था। सदर अस्पताल में इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य न केवल भर्ती मरीजों को समय पर शुद्ध, स्वच्छ व पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। डीपीएम जीविका संजय कुमार ने बताया कि वर्तमान में इस रसोई में 7 जीविका दीदियाँ दो पाली में पूर्ण स्वच्छता व निष्ठा के साथ अपनी सेवाएँ दे रही हैं। जीविका एवं स्वास्थ्य विभाग के बेहतर समन्वय से संचालित इस पहल ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
#jamuinews #jamuitopnews
Jamui, Jamui | Aug 10, 2026