फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन—सीआरपीएफ नीमच में क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का हुआ समापन
नीमच, 3 सितंबर 2026। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच परिसर में मध्यप्रदेश सेक्टर, सीआरपीएफ भोपाल के अधीनस्थ प्रशासनिक एवं परिचालनिक बटालियनों एवं कार्यालयों के बीच आयोजित तीन दिवसीय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ 1 सितंबर को हुआ था। प्रतियोगिता में विभिन्न इकाइयों के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल एवं ग्वालियर, 01, 07, 41, 102, 123 एवं 148 बटालियन, 107 द्रुत कार्य बल तथा 4 सिग्नल बटालियन के जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य बल के कार्मिकों में शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक दृढ़ता, सहनशक्ति एवं आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना था।
क्रॉस कंट्री दौड़ में प्रथम स्थान उप निरीक्षक अंकित, 01 बटालियन ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान सिपाही/जीडी सुनीत कुमार राजपूत, 41 बटालियन तथा तृतीय स्थान सिपाही/जीडी शिवम यादव, 41 बटालियन ने हासिल किया। टीम स्पर्धा में 41 बटालियन ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान, जबकि 01 बटालियन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में श्री सुरेन्द्र कुमार, उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच के मार्गदर्शन में डॉ. संसृति शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, संयुक्त अस्पताल नीमच ने विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. संसृति शर्मा ने कहा कि सीआरपीएफ की कार्यप्रणाली में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक दृढ़ता और उत्कृष्ट फिटनेस का भी विशेष महत्व है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं जवानों की तत्परता एवं टीम भावना को मजबूत करने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रयास के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बल की विभिन्न इकाइयों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग एवं सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच द्वारा भविष्य में भी कार्मिकों की शारीरिक एवं मानसिक दक्षता को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के खेल एवं फिटनेस आधारित आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
समापन समारोह में श्री अमर सिंह चौहान, द्वितीय कमान अधिकारी, 01 बटालियन, श्री राजेन्द्र प्रसाद रेगर, उप कमांडेंट, 4 सिग्नल बटालियन, श्री दुष्यंत गोस्वामी, सहायक कमांडेंट, ग्रुप केंद्र नीमच, श्रीमती सीमा सिंह, सहायक कमांडेंट, 01 बटालियन, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं जवानों ने प्रतिभागी धावकों का उत्साहवर्धन किया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
#CRPFNeemuch
#Neemuch
#नीमच
13 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Sep 3, 2026