जिला कोषालय अधिकारी ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी,व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों का किया अवलोकन
नीमच, 4 सितंबर 2026। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिला कोषालय अधिकारी श्री एल.एन. चौहान ने श्रीमती विजयाराजे सिंधिया जिला चिकित्सालय, नीमच का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों, आई.सी.यू., एन.आई.सी.यू., लेबर रूम, डायलिसिस यूनिट एवं ओ.पी.डी. का भ्रमण किया गया। चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टॉफ अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित पाए गए तथा मरीजों को उपचार प्रदान करते मिले।
निरीक्षण के दौरान मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। वार्डों में टोकन व्यवस्था का प्रभावी पालन, मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा, गुणवत्तापूर्ण भोजन, प्रत्येक बेड पर बेडशीट एवं अटेंडेंट के लिए स्टूल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पर्याप्त पेयजल, बेहतर वेंटिलेशन तथा मच्छर नियंत्रण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया।
अस्पताल की सफाई व्यवस्था में सुधार तथा वार्डों एवं शौचालयों की नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दवा वितरण केंद्र पर स्टॉक रजिस्टर एवं ऑनलाइन एंट्री व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
जिला चिकित्सालय में 24x7 आकस्मिक एवं ट्रामा केयर, आई.सी.यू., सर्जिकल ऑपरेशन, एक्स-रे, सी.टी. स्कैन, डायलिसिस, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, प्रसूति एवं नवजात-बालरोग उपचार सहित आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल सहित चिकित्सक एवं अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#Neemuch
#नीमच
21 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Sep 4, 2026