लखनऊ खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर डीएम-एसपी ने किया पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल का निरीक्षण
हरदोई। लखनऊ खंड शिक्षक एवं खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई स्थित पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, जिससे मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
Bilgram, Hardoi | Oct 22, 2026