मुरैना सांसद ने दी सफाई: दंडवत यात्रा के दौरान बिगड़ी युवक की तबीयत, बोले— सड़क का टेंडर हो चुका है
मुरैना। जोहां-श्यामपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर शुरू हुए अनोखे आंदोलन के बीच दंडवत यात्रा कर रहे युवक की तबीयत बिगड़ गई। सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी मांग पूरी न होने से आहत नवनीत सिंह तोमर ने अन्न-जल त्यागकर सांसद कार्यालय तक दंडवत यात्रा शुरू की है।
यात्रा के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने की खबर सामने आने पर मुरैना-श्योपुर से शिवमंगल सिंह तोमर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। सांसद ने कहा कि संबंधित सड़क का टेंडर पहले ही हो चुका है और ठेकेदार के साथ एक वर्ष का अनुबंध है। यदि निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा नहीं होता है, तो नियमों के अनुसार किसी अन्य ठेकेदार से कार्य कराया जाएगा।
सांसद ने नवनीत सिंह तोमर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण का कार्य तय प्रक्रिया के तहत पूरा कराया जाएगा।