अररिया में मुहर्रम पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, जिलाधिकारी ने निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था का लिया जायजा
मुहर्रम पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण माहौल में पर्व सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने जोकीहाट क्षेत्र में धनपुरा चौक से करबला (नगर पंचायत जोकीहाट), ठेंगापुर चौक, भेवड़ा चौक होते हुए मुख्य सड़क (अररिया-जोकीहाट मार्ग) तक भ्रमण कर विधि-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा करते हुए सभी को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र का भी भ्रमण किया। उन्होंने पूरे शहरी क्षेत्र में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों पर की गई प्रशासनिक तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि जुलूस मार्गों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद कार्यालय फारबिसगंज में स्थापित कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। यहां से वे पूरे शहर में निकल रहे ताजिया जुलूसों की लगातार निगरानी करते रहे तथा विभिन्न स्थानों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
भ्रमण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा आम लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं मुहर्रम आयोजन समितियों के सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है।