फोन व पर्स छीनने के बाद ईंट/पत्थर से हमला करके 28 वर्षीय युवक की हत्या करने के मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार।
फोन व पर्स छीनकर भागने के दौरान पीछा करने पर आरोपियों ने ईंट/पत्थर से हमला करके हत्या की वारदात को दिया था अंजाम।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 2 जून । 15 जनवरी को पुलिस चौकी नाथूपुर, थाना डीएलएफ फेज-3, गुरुग्राम की पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल सेक्टर-10, गुरुग्राम में भर्ती है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुँची तथा पीड़ित की एमएलआर प्राप्त करके डॉक्टर से पीड़ित के बयान लेने के लिए राय ली गई, तो पीड़ित को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।
16 जनवरी को पुलिस टीम पीजीआई रोहतक पहुँची और डॉक्टर से बयान हेतु राय ली गई, जहां डॉक्टर द्वारा पीड़ित को बयान देने के लिए अनफिट बताया गया। बाद में ज्ञात हुआ कि पीड़ित की मृत्यु हो चुकी है।
पुलिस टीम द्वारा अज्ञात मृतक की पहचान के लिए किए गए प्रयासों के दौरान मृतक की पहचान बीरबल ओरान (उम्र-28 वर्ष) निवासी गांव फागुलिन, जिला जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई।
17 जनवरी को पुलिस टीम मृतक के किराए के कमरे गांव नाथूपुर, गुरुग्राम पहुँची, जहां मृतक के परिजन उपस्थित मिले। मृतक की बहन द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर थाना डीएलएफ फेज-3, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
उप-निरीक्षक प्रवीन कुमार, इंचार्ज अपराध शाखा सिकंदरपुर तथा पुलिस चौकी नाथूपुर की संयुक्त पुलिस टीमों* द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए उक्त हत्या की वारदात में शामिल 3 आरोपियों को 19 जनवरी को नाथूपुर बिहारी मंडी, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश कुमार (उम्र-24 वर्ष), राजू कुमार झा (उम्र-28 वर्ष) तथा विपिन कुमार (उम्र-23 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करके 3 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड* पर लिया गया था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 13/14 जनवरी की रात को वे नाथूपुर मंडी स्थित शराब ठेके के पास खड़े थे। इसी दौरान मृतक बीरबल भी वहां मौजूद था। आरोपियों द्वारा मृतक का मोबाइल फोन व पर्स छीनकर भागने का प्रयास किया गया। जब मृतक ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने उस पर ईंट व पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
थाना डीएलएफ फेज-3, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में 1 जून को 1 आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राजेश मंडल (उम्र-24 वर्ष) निवासी गांव मिथिला दीप, जिला मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 13/14 जनवरी की रात को वह अपने अन्य साथी आरोपियों नरेश, राजू व विपिन के साथ गांव नाथूपुर मंडी स्थित शराब ठेके के पास खड़ा था। उसी दौरान मृतक बीरबल भी वहां मौजूद था। आरोपी के साथी मृतक का मोबाइल फोन छीनकर भागने लगे। जब मृतक ने उनका पीछा किया तो उन्होंने उस पर ईंट व पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में अब तक कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय अदालत में पेश करके 2 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है तथा आरोपी से अभियोग में नियमानुसार गहनता से पूछताछ की जाएगी व बरामदगी की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।