जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ सोमवारीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने CWJC, MJC, नीलाम पत्रवाद, सेवा संवाद, आयुक्त कार्यालय, मानवाधिकार, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे सहित अन्य से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान गत सप्ताह एवं वर्तमान सप्ताह की स्थिति की तुलनात्मक समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि अपर समाहर्ता, बांका के स्तर पर विगत सप्ताह 156 मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं, उप विकास आयुक्त, बांका के स्तर पर विगत सप्ताह 291 मामलों का निष्पादन किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक में आपदा के कारण मृत्यु होने की स्थिति में देय मुआवजा राशि के लंबित भुगतान से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि इस सप्ताह 03 नए मामले प्राप्त हुए हैं, जबकि 10 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों को मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में ‘सहयोग शिविर’ के दौरान प्राप्त मामलों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि इस सप्ताह 157 नए मामले प्राप्त हुए, जबकि 491 मामलों में उच्च स्तरीय समिति द्वारा अनुपालन/रिव्यू किया गया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 1-स्टार एवं 2-स्टार रेटिंग वाले सभी मामलों की संबंधित जिला स्तरीय टीम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर जांच की जाए तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध रूप से समाधान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी द्वारा नीलाम पत्रवाद से संबंधित मामलों के निष्पादन की भी विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उन्होंने लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित नीलाम पत्र पदाधिकारियों को प्रति सप्ताह नियमित रूप से न्यायालय (कोर्ट) लगाने तथा लंबित मामलों के निष्पादन हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को सोमवारीय बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
विशिष्ट दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवेदनों की जांच शीघ्र पूर्ण कर पात्र लाभुकों को प्रमाण-पत्र निर्गत करने हेतु निर्देशित किया गया। समीक्षा के क्रम में बताया गया कि वर्तमान सप्ताह में कुल 117 दिव्यांगजनों को प्रमाण-पत्र निर्गत किए गए हैं।
जिला पदाधिकारी ने लंबित आवेदनों की जांच में तेजी लाने तथा पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा योजना के तहत प्राप्त आवेदनों एवं अब तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक कुल 1,044 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 188 सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं।
जिला पदाधिकारी ने शेष आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने तथा पात्र लाभुकों के घरों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना का कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण के संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि जीवन प्रमाणीकरण का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जीवन प्रमाणीकरण में आ रही बाधाओं एवं लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
उन्होंने इस कार्य को अभियान के रूप में पूर्ण करने हेतु पंचायत सचिव, CSC संचालकों सहित अन्य संबंधित कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पेंशनधारियों का समयबद्ध रूप से जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
1 views | Banka, Bihar | Aug 31, 2026