"पूर्व सैनिक सूबेदार जीत सिंह डोगरा ने मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान का किया जोरदार खंडन, बोले—सेना का सम्मान सर्वोपरि।"
पूर्व सैनिक होने के नाते सूबेदार जीत सिंह डोगरा ने सेना के सम्मान, सैनिकों के मनोबल और देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान का तथ्यों एवं अपने सैन्य अनुभव के आधार पर खंडन किया है।
सेना के सम्मान और ऑपरेशन सिंदूर पर मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। देश के सैनिकों के शौर्य पर सवाल उठाना बर्दाश्त नहीं।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का हिस्सा रहते हुए देश की सीमाओं की रक्षा करना और सैन्य अभियानों को नजदीक से समझना सैनिक के जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना के साहस, पराक्रम, आधुनिक सैन्य क्षमता और देश की सुरक्षा के प्रति दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। ऐसे संवेदनशील सैन्य अभियान पर गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि देश के सैनिकों के मनोबल और उनके सम्मान को भी ठेस पहुंचाने वाला है।
सूबेदार डोगरा ने यह भी कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन जब बात भारतीय सेना, राष्ट्रीय सुरक्षा और देश के सम्मान की आती है तो सभी को एकजुट होकर सेना के साथ खड़ा होना चाहिए। मंत्री जगत सिंह नेगी को अपने बयान पर देश के सैनिकों और प्रदेश की जनता से स्पष्टीकरण देना चाहिए तथा अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए।