पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांवटा साहिब में सात दिवसीय एनएसएस शिविर शुरू, विद्यार्थियों को सिखाए सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के गुर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांवटा साहिब में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का आयोजन 17 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक विद्यालय परिसर में किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य प्रेमपाल ठाकुर तथा डॉ. दीर्घायु प्रसाद विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और स्वागत गीत के साथ हुई। विद्यालय की छात्राओं रूपल, वंशिका, आकृति, आंचल और प्रिया सहित अन्य विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संजय शर्मा एवं प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में विद्यार्थियों को समाज सेवा, अनुशासन, स्वच्छता, आपसी सहयोग और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जाएगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुंशी राम वर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की प्रेरणा भी देता है।
इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य प्रेमपाल ठाकुर और डॉ. दीर्घायु प्रसाद ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और इसके महत्व से परिचित करवाया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर के दौरान पूरे उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य कांत शर्मा, केंद्र मुख्य शिक्षिका कविता शर्मा, भुवनेश्वरी तोमर, रचना गुलरिया, शांति वर्मा, कुलदीप तोमर, पीयूष शर्मा, धनवीर तोमर, गीतांजलि शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, ज्योति, कृपा राम, मुस्कान, ओम प्रकाश और कांता नेगी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य सुंदर सिंह, दयाराम शर्मा, ओम प्रकाश और अर्जुन सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
Paonta Sahib, Sirmaur | Nov 23, 2026