यूपीटीईटी-2026: डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व पारदर्शिता पर दिया जोर
हरदोई। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
द्वितीय दिवस की प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान दोनों अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हरदोई पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आयोग एवं शासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही सभी अभ्यर्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सघन जांच कर परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी बनाए रखने तथा सभी संबंधित अधिकारियों को भ्रमणशील रहकर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।