खेत की बुवाई को लेकर विवाद, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई कार्रवाई की गुहार
हरदोई। सवायजपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम भैलामऊ में खेत की बुवाई को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित कमलेश दुबे पुत्र जमुना प्रसाद ने प्रशासन से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि ग्राम अलियापुर, पोस्ट भैलामऊ निवासी सोनेलाल यादव और हंसराम यादव अपने परिवार की महिलाओं के साथ मिलकर उन्हें उनके खेत की बुवाई नहीं करने दे रहे हैं।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी अपने मकान की छत से पत्थरबाजी करते हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि मामले में लेखपाल और कानूनगो द्वारा मौके पर जांच कर निर्णय भी दिया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित लोग प्रशासनिक निर्णय का पालन नहीं कर रहे हैं और लगातार विवाद उत्पन्न कर रहे हैं।
पीड़ित ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा के बीच खेत की बुवाई कराने की मांग की है।
(नोट: यह समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। प्रशासन अथवा दूसरे पक्ष का बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)