विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने मेले के प्रबंधों को लेकर की प्रशासन की प्रशंसा, पीढ़ी और बर्तनों के इतिहास पर डाला प्रकाश
यमुनानगर, 22 नवंबर- मेले के तीसरे दिन यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा भी अपने परिवार के साथ कपाल मोचन पहुंचे। उन्होंने यहां के पवित्र धार्मिक स्थलों पर माथा टेककर पूजा-अर्चना की और पवित्र सरोवर में स्नान किया। इस दौरान उन्होंने जनकल्याण, क्षेत्र की खुशहाली और सभी लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि श्री कपाल मोचन में श्री गुरु नानक देव जी ने और दशम गुरू श्री गुरु गोविंद सिंह जी ने अपने पावन चरण टिकाए थे। यह स्थान हरियाणा के पवित्र स्थलों में से एक है। उन्होंने कपाल मोचन मेले के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भूमि अत्यंत पावन और पवित्र है। इसका इतिहास भगवान शिव से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं में विशेष स्थान रखता है। मान्यता के अनुसार, भगवान शिव को गौहत्या के पाप से मुक्ति इसी पवित्र भूमि पर गऊ बच्छा घाट में स्नान करने के बाद मिली थी। इसी कारण इस स्थान का धार्मिक महत्व देशभर में प्रसिद्ध है और श्रद्धालु यहां विशेष आस्था के साथ पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि कपाल मोचन मेले में पीढ़ी खरीदने की भी एक विशेष परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार यहां से पीढ़ी खरीदना परिवार और वंश की वृद्धि तथा संतान सुख से जुड़ा हुआ माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए उन्होंने भी अपने परिवार के साथ मेले में पीढ़ी खरीदी।
पीढ़ी खरीदने से लेकर पेड़ों पर धागा बांधने तक निभाई जाती हैं परंपराएं
कपाल मोचन मेले में धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां आने वाले श्रद्धालु केवल सरोवरों में स्नान ही नहीं करते, बल्कि अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए अलग-अलग धार्मिक रीति-रिवाज भी निभाते हैं। श्रद्धालु पवित्र बेरी के पेड़ों पर सूत का धागा बांधते हैं, दीपक जलाते हैं और मंदिरों तथा गुरुद्वारों में माथा टेककर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं।
उन्होंने प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रबंधों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा आने वाले यात्रियों को सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने मेले में आए सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि यमुनानगर प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए जी जान से जुटा हुआ है।