लंबित एफआरए मामलों का समयबद्ध समाधान करें अधिकारी : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
गौ-सदन, स्कूल, पार्किंग और संपर्क सड़कों से जुड़े वन अनुमति मामलों की समीक्षा, विभागों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
चंबा, 27 अक्टूबर 2026।
जिला चंबा में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के तहत लंबित वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) से संबंधित अनुमति मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।
उपायुक्त ने चंबा, भरमौर, डलहौजी और चुराह वन मंडलों के अंतर्गत आने वाले एफआरए मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित मामलों में आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर अनुमति के लिए आगे भेजी जाएं। उन्होंने विभागीय प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
गौ-सदन, शिक्षा, पार्किंग और संपर्क सड़क परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में पंचायत स्तर पर गौ-सदनों के निर्माण, शिक्षा से संबंधित कार्यों, पार्किंग निर्माण तथा संपर्क सड़क मार्गों से जुड़ी परियोजनाओं में वन अनुमति की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए, ताकि विकासात्मक कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
लंबित मामलों के कारणों की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की प्रगति का विभागवार आकलन किया गया। उपायुक्त ने लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति, देरी के कारणों और उनके समाधान के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए लंबित प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वन मंडल अधिकारी चंबा कृतज्ञ कुमार, वन मंडल अधिकारी भरमौर रजनीश महाजन, वन मंडल अधिकारी सलूणी सुशील कुमार, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद राखी कौशल और सहायक अभियंता दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#ChambaNews #FRA #ForestRightsAct #MukeshRepaswal #DevelopmentProjects #TribalLiveNews
Chamba, Chamba | Oct 28, 2026