हरिद्वार से बड़ी खबर है, जहां तंबाकू और नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए जनजागरूकता रैली निकाली गई।
" एक ज़रा सी कोशिश" संस्था और राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम यानी NTCP, स्वास्थ्य विभाग हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में इस रैली का आयोजन किया गया।
रैली में पन्नालाल भल्ला इंटर कॉलेज, डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज मायापुर और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली देवपुरा चौक से शुरू होकर ऋषिकुल चौराहे तक पहुंची। इस दौरान बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश वाली तख्तियां लेकर लोगों को तंबाकू और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
“तंबाकू छोड़ें, जीवन बचाएं” और “नशे से दूरी, स्वस्थ जीवन जरूरी” जैसे नारों के जरिए लोगों को यह समझाने की कोशिश की गई कि नशा सिर्फ शरीर को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर भी पड़ता है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और हरिद्वार विधायक मदन कौशिक भी मौजूद रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को तंबाकू और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई और स्वस्थ समाज बनाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, सीएमओ हरिद्वार आर.के. सिंह, NTCP की नोडल अधिकारी डॉ. नमिता और एक ज़रा सी कोशिश संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान समेत कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के जरिए आम लोगों और मीडिया से भी अपील की गई कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सभी अपनी भूमिका निभाएं, ताकि हरिद्वार को नशामुक्त और स्वस्थ समाज की ओर आगे बढ़ाया जा सके।
#Haridwar #हरिद्वार #NashaMuktHaridwar #नशामुक्तहरिद्वार #TobaccoFree #तंबाकूमुक्तभारत #DrugFreeIndia #नशेकेखिलाफ #AwarenessRally #MadanKaushik #NTCP #HealthDepartment #UttarakhandNews #HaridwarNews #CitySpecialNews