भदोही से सामने आई ये तस्वीरें और कहानी बेहद परेशान करने वाली है... एक 20 वर्षीय युवती गंभीर और बेहद कमजोर हालत में घर के अंदर मिली... आरोप है कि उसे महीनों तक घर में कैद रखा गया और खाने-पीने तक से वंचित किया गया... हालत इतनी खराब थी कि उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा... अब इस पूरे मामले में पिता पर गंभीर आरोप लग रहे हैं और पुलिस जांच में जुटी है...मामला भदोही के ज्ञानपुर नगर का है, जहां एक 20 वर्षीय युवती को बेहद गंभीर हालत में महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
आसपास के लोगों के मुताबिक, युवती पिछले कई महीनों से घर से बाहर नहीं दिखाई दे रही थी। सोमवार को जब पड़ोसियों को उसके घर के अंदर होने का पता चला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया गया और अंदर का मंजर देखकर लोग हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि युवती बेहद कमजोर हालत में जमीन पर पड़ी थी। पड़ोसियों का दावा है कि वह पानी और खाने की मांग कर रही थी। इसके बाद लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल ले जाते वक्त उसने काफी पानी पिया।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. धीरेंद्र के मुताबिक, युवती की हालत बेहद गंभीर थी। जांच में उसका हीमोग्लोबिन करीब 6 ग्राम और प्लेटलेट करीब 59 हजार पाए गए। शरीर में हाई इंफेक्शन के साथ पेट में पानी भी मिला है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसका इलाज किया जा रहा है और उसे खून भी चढ़ाया गया।
डॉक्टर ने यह भी बताया कि युवती ने करीब डेढ़ महीने से खाना नहीं मिलने की बात कही है। डॉक्टर के मुताबिक, उसकी फैट लेयर और मांसपेशियां काफी कम हो चुकी हैं, जिससे लंबे समय तक पोषण नहीं मिलने की आशंका जाहिर की गई है।
वहीं, पड़ोसियों ने युवती को कई महीनों से घर में बंद रखने और उसके साथ मारपीट किए जाने के आरोप लगाए हैं। उसके हाथ-पैर पर बांधने जैसे निशान होने का दावा भी किया गया है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।
मामले में युवती के 15 वर्षीय भाई का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह अपने पिता पर बहन के साथ गलत व्यवहार करने और उसे घर में रखने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। भाई के मुताबिक, उसे भी इस बारे में किसी को बताने से मना किया गया था।
दूसरी ओर, युवती के पिता ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि बेटी को बुखार और लूज मोशन की समस्या थी, शरीर पर फोड़े-फुंसी भी थीं और इसी वजह से उसकी हालत बिगड़ी। पिता का दावा है कि घर में जो खाना बनता था, वह बेटी को दिया जाता था और उसके साथ मारपीट नहीं की जाती थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम ज्ञानपुर अरुण दीक्षित और सीओ चमन चावड़ा जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने युवती और उसके पिता से बातचीत की और घर का भी निरीक्षण किया।
एसडीएम ने युवती की हालत को बीमारी और इलाज नहीं मिलने से जुड़ा बताया है, साथ ही मामले को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
फिलहाल युवती का अस्पताल में इलाज जारी है। पिता पर लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवती के साथ वास्तव में क्या हुआ और उसकी इस हालत के लिए कौन जिम्मेदार है।
#Bhadohi #BhadohiNews #Gyanpur #UPNews #UttarPradesh #BreakingNews #HindiNews #CrimeNews #ViralNews #UPPolice #BhadohiPolice #Humanity #JusticeForDaughter #WomenSafety #ChildProtection #PoliceInvestigation #HospitalNews #GroundReport #CitySpecialNews #LatestNews #NewsUpdate #भदोही #भदोही_न्यूज #ज्ञानपुर #यूपी_न्यूज #बेटी_को_न्याय #महिला_सुरक्षा #पुलिस_जांच #ब्रेकिंग_न्यूज