जनपद पंचायत पलेरा में पंचायत दर्पण एवं दृष्टि पोर्टल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
-
ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को पोर्टल संचालन एवं लेखा संबंधी कार्यों की दी गई जानकारी
-
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टीकमगढ़ आईएएस श्री विशाल धाकड़ के निर्देशन में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के अंतर्गत पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत पलेरा के सभागार में पंचायत दर्पण एवं दृष्टि पोर्टल संबंधी एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का आयोजन पंचायती राज प्रशिक्षण केंद्र, नौगांव द्वारा जनपद पंचायत पलेरा अंतर्गत समस्त ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों के लिए किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पंचायतों में डिजिटल माध्यम से किए जाने वाले विभिन्न कार्यों एवं पोर्टल के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में पंचायत दर्पण पोर्टल पर ओएसआर (OSR ) संबंधी कार्य, लेखा संबंधी प्रविष्टियां, ग्राम पंचायत की परिसंपत्तियों का विवरण, करारोपण सहित पंचायत से संबंधित विभिन्न कार्यों को पोर्टल पर दर्ज एवं अद्यतन करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही दृष्टि पोर्टल की कार्यप्रणाली एवं उसके माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर दिया जोर
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को पोर्टल पर जानकारी को सही एवं समयबद्ध रूप से दर्ज करने, पंचायत की परिसंपत्तियों एवं लेखा संबंधी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा करारोपण से संबंधित कार्यों को व्यवस्थित रूप से संपादित करने के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत पलेरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद कुमार बोरकर, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के जिला परियोजना प्रबंधक श्री रोहित कुमार चतुर्वेदी, पंचायती राज पलेरा के ब्लॉक समन्वयक श्री विवेक अहिरवार, कंप्यूटर ऑपरेटर श्री राजेंद्र सिंह राय तथा पंचायती राज प्रशिक्षण केंद्र नौगांव से मुख्य प्रशिक्षक श्री महेंद्र कुमार उपस्थित रहे।
मुख्य प्रशिक्षक श्री महेंद्र कुमार द्वारा समस्त ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को पंचायत दर्पण एवं दृष्टि पोर्टल पर विभिन्न कार्यों का व्यावहारिक एवं सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायतों के कार्मिकों की तकनीकी दक्षता बढ़ाते हुए पंचायती राज व्यवस्था में डिजिटल माध्यम से कार्यों के बेहतर एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
56 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026