**मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रभारी मंत्री नन्दी ने की समीक्षा बैठक, तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश**
**मीरजापुर।** जनपद प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने मंगलवार को अष्टभुजा गेस्ट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद भ्रमण और नवरात्र मेला व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री ने हेलीपैड से विंध्याचल मंदिर और जनसभा स्थल तक रूट व्यवस्था दुरुस्त रखने, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विंध्य कॉरिडोर के चारों प्रमुख मार्गों और गंगा घाटों पर भी विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों की जानकारी दी, जबकि पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का विवरण प्रस्तुत किया।
मंत्री नन्दी ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से निर्धारित समय के भीतर व्यवस्थाएं पूरी करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक रिंकी कोल, एमएलसी विनीत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#मिर्जापुर #मुख्यमंत्रीयोगीआदित्यनाथ #नन्दगोपालगुप्ता #विंध्याचल #विंध्यकॉरिडोर #TodayMirzapur