पचावली में शराब दुकान पर महिलाओं का हंगामा, शराब की पेटियां बाहर फेंकी
शिवपुरी/कोलारस। शिवपुरी-कोलारस अनुभाग क्षेत्र के देहरदा-ईसागढ़ रोड स्थित ग्राम पचावली में शुक्रवार सुबह शराब दुकान को लेकर महिलाओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने दुकान में रखी शराब की पेटियां बाहर निकालकर फेंक दीं।
घटना से मौके पर कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं शराब दुकान के विरोध में प्रदर्शन करती नजर आ रही हैं।
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि गांव में शराब दुकान को लेकर लंबे समय से विरोध है और वे दुकान हटाने की मांग कर रही हैं। हालांकि, घटना के दौरान शराब को बाहर निकालने और नुकसान पहुंचाने की परिस्थितियों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
P.NEWZ INDIA | पत्रकार राम मनोहर मिश्रा
11/09/2026