Bihar news : रामनगर में गैस सिलेंडर की आग से हजारों की संपत्ति जलकर राख, बाल-बाल बची लड़की; मुहल्ले में मची अफरा-तफरी। पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित मुड़ीला मोहल्ले में शुक्रवार की संध्या गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार देखकर पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। घर में रखे गैस सिलेंडर के ब्लास्ट होने की आशंका से लोग दहशत में आ गए। हालांकि, पड़ोसियों ने साहस का परिचय देते हुए कमरे की खिड़की तोड़ी और किसी तरह जलते हुए सिलेंडर को बाहर निकाला। लेकिन तब तक घर में रखी हजारों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी।मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब चार बजे घर में नया गैस सिलेंडर आया था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर में लीकेज था, लेकिन परिवार के लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। सिलेंडर को घर के एक कमरे में रख दिया गया था।शाम को परिवार की एक लड़की रोज की तरह दीपक जलाकर घर के अलग-अलग कमरों में दिखा रही थी। इसी दौरान जब वह अपने पिता के कमरे में पहुंची और दरवाजा खोलकर दीपक दिखाने लगी, तभी अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग की चपेट में उसका हाथ आ गया और वह पीछे की ओर गिर पड़ी। गनीमत रही कि इस घटना में उसकी जान बच गई।कमरे में अचानक आग भड़कने और पक्के मकान से धुएं का गुबार उठने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घर में गैस सिलेंडर होने के कारण लोगों को किसी बड़े हादसे का डर सता रहा था। ऐसे मुश्किल समय में पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाते हुए कमरे की खिड़की तोड़ी और जलते सिलेंडर को बाहर निकालने का प्रयास किया।इस घटना के बाद मोहल्ले में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण हुई इस घटना ने एक बार फिर घरेलू गैस के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।#RamNagar #WestChamparan #BiharNews #GasCylinderLeak #FireIncident #HouseFire #BreakingNews #LocalNews #BettiahNews #FireAccident #GasLeakage #LatestNews #BiharBreakingNews #EmergencyNews #RanjitKumarPandey