Bihar news : बगहा में वारंटी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम से भिड़े 15 लोग, थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मी चोटिल। नौरंगिया में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने का आरोप, एक व्यक्ति गिरफ्तार; अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम के साथ मारपीट और गिरफ्तार आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने का मामला सामने आया है। नौरंगिया थाना क्षेत्र में बुधवार की रात हुई इस घटना में थानाध्यक्ष राज रौशन समेत पांच पुलिसकर्मियों के मामूली रूप से चोटिल होने की सूचना है। पुलिस के अनुसार, अशोक बीन समेत करीब 15 लोगों पर पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट करने तथा गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने का आरोप है। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात नौरंगिया थाना में दर्ज एक मामले के अभियुक्त भूलन बीन और नागेंद्र बीन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने नागेंद्र बीन को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद अशोक बीन समेत करीब 15 लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम के साथ विवाद करने लगे। इस दौरान कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई तथा गिरफ्तार नागेंद्र बीन को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया गया।घटना के दौरान नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रौशन समेत पांच पुलिसकर्मियों के मामूली रूप से चोटिल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच कर रही है।मामले में डीएसपी निहार भूषण ने बताया कि नौरंगिया थाने की पुलिस एक वारंटी को गिरफ्तार करने गई थी। इसी दौरान पुलिस टीम के साथ बदसलूकी की गई। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।BiharNews #LocalNews #BreakingNews #Bettiah #WestChamparan।