पिंजौर के मढ़ावाला में पंचकूला पुलिस का ऑपरेशन क्लीन-अप: स्निफर डॉग्स के साथ 11 स्पेशल टीमों के 80 जवानों ने 340 घरों व झुग्गियों को खंगाला, 46 मोटरसाइकिल बरामद, 6 संदिग्ध हिरासत में
किरयाना की दुकानों में मिले भांग/सुल्फा जैसे प्रतिबंधित नशीले पदार्थ भी जब्त, 340 घरों में रह रहे किराएदारों का सत्यापन
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन - किसी भी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों को पनपने नहीं देंगे, पंचकूला पुलिस की लगातार कार्रवाई से जमीनी स्तर पर दिख रहे परिणाम, अवैध नशीले पदार्थों की जब्ती और वाहनों की जांच रहेगी जारी
पंचकूला/ 12 सितंबर :-पंचकूला में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार विशेष चेकिंग, सर्च एवं सत्यापन अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के सख्त निर्देशों पर पुलिस की टीमें ऐसे क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रख रही हैं, जहां बड़ी संख्या में किराएदार, कामकाजी लोग तथा बाहरी व्यक्ति निवास करते हैं। इसी कड़ी में डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह तथा डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के नेतृत्व और एसीपी क्राइम अमन कुमार की अगुवाई में आज सुबह-सुबह पिंजौर थाना क्षेत्र के मढ़ावाला स्थित वर्मा कॉलोनी, बिहारी कॉलोनी और बंगला कॉलोनी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार इस अभियान में एचएपी रिजर्व फोर्स, क्राइम ब्रांच की सभी टीमें, पिंजौर थाना तथा मढ़ावाला चौकी की 11 टीमों के 80 जवानों ने स्निफर डॉग्स की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और संभावित एनडीपीएस संबंधी गतिविधियों की गहनता से जांच की।
सर्च ड्राइव के दौरान हमारी टीमों ने 46 संदिग्ध मोटरसाइकिलें कब्जे में लीं, जिनमें से 17 बिना नंबर प्लेट की पाई गईं। इसके साथ ही 6 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र की किरयाना की दुकानों एवं पानवाड़ी प्रतिष्ठानों की भी तलाशी ली गई, जहां से भारी मात्रा में कूल लिप और संदिग्ध भांग/सुलफा जैसे तंबाकू व नशीले उत्पाद बरामद किए गए, जिस बारे दुकानदारो को सख्त हिदायत दी गई है व उनके स्त्रोतों का भी पता कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने आगे बताया कि आपराधिक व असामाजिक गतिविधियों की आशंका वाले ऐसे सभी इलाकों को लगातार खंगाला जा रहा है, जिसकी शुरुआत कुछ दिन पहले एमडीसी क्षेत्र के सकेतड़ी से की गई थी। अभियान के तहत बाहरी व स्थानीय निवासियों का डेटा एकत्र कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और अवैध नशीले व प्रतिबंधित पदार्थों तथा संदिग्ध वाहनों को जब्त किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस टीमों ने लगभग 340 घरों में रह रहे किराएदारों की सत्यापन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया और बिना पुलिस वेरिफिकेशन पाए गए किराएदारों के मकान मालिकों पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि कोई भी किराए की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम न दे सके।
पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को किराए पर रखने या काम पर लगाने से पहले पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या नशीले पदार्थ की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia