ऑपरेशन कवच: बच्चों को कूल लिप जैसे नशे की पहली सीढ़ी से बचाने के लिए पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने जिले भर में शुरू किया अभियान
आज कूल लिप, कल हेरोइन, चरस और अफीम तक पहुंच सकती है नशे की आदत, बच्चों को शुरुआत में ही बचाना होगा: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन
कूल लिप, रोलिंग पेपर व प्रतिबंधित तंबाकू पदार्थों की बिक्री पर पंचकूला पुलिस की सख्ती , छापेमारी में सैकड़ों डिब्बे बरामद
पंचकूला/ 12 सितंबर:- पंचकूला के सरकारी एवं निजी स्कूलों में बच्चों द्वारा नशीले पदार्थों के सेवन की सामने आई चिंताजनक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने तथा नशे की शुरुआती आदतों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से ऑपरेशन कवच शुरू किया है। सात दिवसीय इस विशेष अभियान के दूसरे दिन भी पंचकूला पुलिस ने शहरी क्षेत्र से लेकर कालका, पिंजौर सहित पूरे जिले में व्यापक औचक चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस कमिश्नर द्वारा सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की गली-मोहल्लों, बाजारों तथा विशेषकर स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास लगातार निगरानी रखें। पुलिस टीमों को कूल लिप, रोलिंग पेपर तथा अन्य प्रतिबंधित तंबाकू पदार्थों की बिक्री एवं उपलब्धता की जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पदार्थों को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि ऑपरेशन कवच के तहत पिछले दो दिनों से पंचकूला पुलिस की सभी टीमें लगातार सक्रिय हैं। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सैकड़ों बड़े पैकेट कूल लिप, रोलिंग पेपर के बड़े डिब्बे तथा अन्य संबंधित पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस टीमों द्वारा स्कूल संस्थानों के आसपास भी चेकिंग की गई, जहां ऐसे पदार्थों की उपलब्धता एवं बिक्री की जांच की गई।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन का कहना है कि बच्चों को नशे की शुरुआत से ही बचाना अत्यंत जरूरी है। कूल लिप जैसे पदार्थों को छोटा नशा समझकर नजरअंदाज करने की भूल नहीं करनी चाहिए। उनके अनुसार, कई बार नशे की आदत छोटी उम्र में ऐसी ही शुरुआती सामग्री से बनती है और आगे चलकर बच्चे गंभीर नशे की गिरफ्त में आ सकते हैं। नशे की लत व्यक्ति के जीवन, परिवार तथा समाज पर गंभीर प्रभाव डालती है और कई बार नशे की पूर्ति के लिए अपराध की ओर बढ़ने का खतरा भी पैदा हो जाता है। इसलिए इस समस्या पर शुरुआत में ही प्रभावी रोक लगाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संभव है कि कई अभिभावकों को यह जानकारी ही न हो कि उनके बच्चे किन पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए अभिभावकों को सतर्क रहना होगा और नशे की शुरुआती आदतों को गंभीरता से समझना होगा।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ऑपरेशन कवच को सफल बनाने में स्कूल प्रशासन, शिक्षक, अभिभावक तथा आमजन का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस टीमों द्वारा स्कूलों तक पहुंचकर बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा आगे भी जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। पंचकूला पुलिस का यह अभियान बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने, नशे की जड़ पर प्रहार करने और जिले में नशामुक्त एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।