सीआरपीएफ और पुलिस के संयुक्त अभियान में जंगल से देसी राइफल बरामद
जमुई। जिले के गुरमाहा, मुशहरिटांड, करहरा एवं आसपास के पहाड़ी-जंगली इलाकों में सोमवार को सीआरपीएफ 215 बटालियन और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
अभियान के दौरान 215 बटालियन की QAT टीम और ए/215 समवाय चोरमारा के जवानों ने संदिग्ध स्थानों की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी ली। तलाशी के क्रम में जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखी गई देसी राइफल बरामद की गई।
यह संयुक्त अभियान पुलिस उप महानिरीक्षक, मुजफ्फरपुर रेंज संदीप सिंह के दिशा-निर्देश तथा सीआरपीएफ 215 बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के नेतृत्व में चलाया गया।
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने सफल अभियान में शामिल जवानों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है।
Jamui, Jamui | Aug 10, 2026