बाल दिवस पर बसवरिया में गूंजा बच्चों का उत्साह, बैलून प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा; डॉ. प्रतिमा आनंद ने पुरस्कार देकर बढ़ाया नन्हे प्रतिभागियों का हौसला
सीतामढ़ी। बसवरिया स्थित नगर निगम वार्ड संख्या-25 में बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए मनोरंजक एवं उत्साहवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय बच्चों के बीच बैलून प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गुब्बारों के विभिन्न प्रयोगों, मनोरंजक गतिविधियों एवं खेलों के माध्यम से बच्चों ने खूब आनंद उठाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों के साथ-साथ सभी सहभागी बच्चों को डॉ. प्रतिमा आनंद ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर शिक्षक मुकेश रजक ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बावजूद बच्चों के लिए इस तरह का आयोजन करना बेहद प्रेरणादायक है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों के चेहरे पर मुस्कान आती है और उनका उत्साह एवं उमंग दोगुना हो जाता है।
कार्यक्रम के संयोजक पूर्व सैनिक अनिल कुमार ने कहा कि बाल दिवस मनाने का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना, बाल शोषण को रोकना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, शिक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सरकार एवं प्रशासन को भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चे एवं उनके अभिभावक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में खुशी और उमंग का माहौल बना रहा।
#बाल_दिवस #ChildrenDay #बैलून_प्रतियोगिता #डॉ_प्रतिमा_आनंद #अनिल_कुमार #सीतामढ़ी #बसवरिया #बच्चों_की_खुशी #SitamarhiNews #BNPNews