मुहर्रम को लेकर मिर्जापुर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, एसपी ने संवेदनशील इलाकों में किया फ्लैग मार्च
मिर्जापुर। आगामी मुहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने नगर के मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत कोतवाली कटरा से हुई, जो इमरती रोड, लालडिग्गी, मुकेरी बाजार होते हुए इमामबाड़ा पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों, धर्मगुरुओं और व्यापारियों से संवाद कर शांति व आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
जनपद में मुहर्रम को लेकर 612 ताजिया और 159 कर्बला स्थलों की सुरक्षा के लिए जिले को 5 जोन और 18 सेक्टर में बांटा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में क्यूआरटी टीमों की तैनाती, ड्रोन कैमरों और सोशल मीडिया निगरानी के जरिए सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या यूपी-112 को देने की अपील की। फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।