लाखों की लागत से बनी पटरी फिर टूटी, जल निगम की पाइपलाइन के लिए खोदाई से लोगों में नाराजगी
मिर्जापुर। गुड़हट्टी रोड पर नगर पालिका द्वारा हाल ही में कराए गए पटरी निर्माण के बाद अब जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क और पटरी की खोदाई किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी द्वारा पटरी निर्माण का लोकार्पण किए जाने के कुछ ही समय बाद उसे तोड़कर पाइप डालने का कार्य किया जा रहा है। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए लोगों ने सवाल उठाए हैं।
लोगों का कहना है कि पहले से बनी सड़क और पटरी को तोड़ने के बजाय विभागों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए था। उनका आरोप है कि खोदाई के बाद न तो पहले जैसी गुणवत्ता का कार्य हो पाएगा और न ही लोगों को इसका सही लाभ मिलेगा।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर जिम्मेदार विभागों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।