डकैती के आरोपी को रिमांड पर लेकर आभूषण बरामद
जन्माष्टमी की रात बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर हुई थी डकैती, आरोपी की निशानदेही पर चांदी के लच्छे, सिक्के व पायल मिली
कोंच। ग्राम सिमिरिया में जन्माष्टमी की रात बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर तमंचे की नोक पर की गई डकैती के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी लक्ष्मीकांत को न्यायालय से नौ घंटे की रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर डकैती का माल बरामद किया। पुलिस ने बरामद आभूषण कब्जे में लेकर आरोपी को दोबारा जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को आरोपी की निशानदेही पर पंचानन चौराहे के आगे कोंच-नदीगांव रोड स्थित बाईपास के एक प्लॉट से छह चांदी के लच्छे, चार चांदी के सिक्के और एक जोड़ी पायल बरामद की गई। आरोपी ने अपने हिस्से में मिली नकदी खर्च कर दी। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने रवि अहिरवार, जमील अहमद और प्रमोद उर्फ चीकू को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था। रवि के पैर में गोली लगी थी। बाद में लक्ष्मीकांत ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निगवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि फरार आरोपी शिवम निवासी दतिया की तलाश की जा रही है।
Konch, Jalaun | Sep 30, 2026