छठ पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण
घाटों पर बेहतर साफ सफाई,प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश
छठ पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश कुमार मिश्रा के साथ जनपद मुख्यालय सहित तहसील घोसी क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
जनपद मुख्यालय पर जिलाधिकारी ने भीटी घाट, मड़ैया घाट एवं ब्रह्मस्थान स्थित घाट का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने तहसील घोसी स्थित नरोखर पोखरा सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पर्व के अवसर पर घाटों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा घाटों पर भीड़ प्रबंधन सहित सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, जिससे पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराया जा सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।