भागलपुर में देर रात अचानक एसएसपी प्रमोद कुमार निरीक्षण पर निकले तो शहर के कई थानों के प्रभारी और पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने सड़क से लेकर थाने तक तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और मुस्तैदी का जायजा लिया।
जगदीशपुर से लेकर बरारी थाना क्षेत्र तक एसएसपी ने पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान आपातकालीन सेवा 112 की गाड़ियों, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों, वारंटियों और कुख्यात अपराधियों से जुड़ी कार्रवाई की भी जानकारी ली गई।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि रात में गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, और ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।