0 से 5 वर्ष तक के बच्चों की सेहत सुधारने के लिए
14 जुलाई से शुरू होगा दस्तक अभियान एवं सह सघन डायरिया नियंत्रण अभियान
बड़वानी 04 जुलाई 2026/ जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को कुपोषण, एनीमिया और डायरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए 14 जुलाई से 31 अगस्त तक दस्तक अभियान प्रथम चरण एवं सह सघन डायरिया नियंत्रण अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी अभियान के सफल और प्रभावी संचालन हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता, नोडल अधिकारी व जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अतुल राठौर सहित जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर और ब्लॉक कम्युनिटी मॉनिटर उपस्थित रहे।
कार्यशाला में नोडल अधिकारी डॉ. अतुल राठौर ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को रतौंधी और संक्रमण से बचाने के लिए विटामिन ‘‘ ए ‘‘ की खुराक पिलाई जाएगी। साथ ही, विशेष टूल किट (जैसे MUAC टेप और वजन मशीन) के माध्यम से कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें उपचार दिया जाएगा, और 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को एनीमिया से बचाने के लिए प्रोटोकॉल के अनुसार आयरन फोलिक एसिड की गोलियां व सिरप दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं और आम जनता से अपील की है कि वे घर-घर आने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग कर अपने बच्चों को इस सुरक्षा चक्र का लाभ अवश्य दिलाएं।
1 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 4, 2026